संतोष सिंह की मौत पर बवाल, टीएमएच पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन
जमशेदपुर से एक दुखद खबर सामने आई है। झारखंड क्षत्रिय संघ की गम्हरिया इकाई के अध्यक्ष संतोष सिंह का रविवार देर शाम हार्ट अटैक से निधन हो गया। वे 55 वर्ष के थे। उनके आकस्मिक निधन की खबर फैलते ही गम्हरिया समेत आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई।


परिजनों के अनुसार, संतोष सिंह देवनगरी में आयोजित संघ के पिकनिक कार्यक्रम से लौटकर शाम करीब साढ़े पांच बजे अपने घर पहुंचे थे। कुछ देर बाद ही उन्हें सांस लेने में तकलीफ और घबराहट महसूस हुई। परिजन तत्काल उन्हें इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौत के बाद अस्पताल परिसर में माहौल तनावपूर्ण हो गया। परिजनों और समर्थकों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और धरने पर बैठ गए। उनका कहना है कि समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण उनकी जान चली गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन अस्पताल पहुंचे और धरने में शामिल हुए। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने, दोषी चिकित्सकों पर कार्रवाई और टाटा मेन हॉस्पिटल में गरीबों के लिए कम से कम सौ बेड आरक्षित करने की मांग की।
संतोष सिंह सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय थे और संगठन को मजबूत करने में उनकी अहम भूमिका रही। वे अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। फिलहाल अस्पताल परिसर में पुलिस तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

