सारंडा जल्द होगा नक्सल मुक्त: ऐतिहासिक ऑपरेशन के बाद डीजीपी तदशा मिश्रा का दावा
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पश्चिमी सिंहभूम जिले के दुर्गम सारंडा जंगल क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों को मिली बड़ी सफलता के बाद झारखंड की पुलिस महानिदेशक तदशा मिश्रा ने कहा है कि सारंडा बहुत जल्द पूरी तरह नक्सल मुक्त होगा।


शनिवार को चाईबासा स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने इस अभियान को राज्य की आंतरिक सुरक्षा के लिए अब तक की सबसे निर्णायक कार्रवाई बताया।
डीजीपी तदशा मिश्रा ने बताया कि यह ऑपरेशन किसी एक मुठभेड़ तक सीमित नहीं था, बल्कि नक्सली संगठनों के शीर्ष नेतृत्व और उनके पूरे नेटवर्क के खिलाफ योजनाबद्ध कार्रवाई थी। खुफिया एजेंसियों से मिली जानकारी के आधार पर छोटानागरा थाना क्षेत्र के कुमडीह और बहवा इलाके में 22 और 23 जनवरी की रात से सुरक्षा बलों ने व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान कई बार मुठभेड़ हुई, जिसमें झारखंड पुलिस, कोबरा बटालियन और सीआरपीएफ के जवान शामिल रहे।
उन्होंने बताया कि इस ऑपरेशन में एक करोड़ रुपये के इनामी कुख्यात नक्सली अनल उर्फ पतिराम मांझी और 25 लाख रुपये के इनामी अनमोल सहित कई बड़े नक्सली मारे गए हैं। डीजीपी ने कहा कि जवानों ने घने जंगल और पहाड़ी इलाके में साहस और अनुशासन के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया। उन्होंने नक्सलियों से आत्मसमर्पण करने की अपील करते हुए कहा कि अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस अभियान के दौरान अब तक 17 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। मौके से एके-47, इंसास राइफल सहित बड़ी मात्रा में हथियार भी जब्त किए गए हैं। मारे गए नक्सलियों पर संयुक्त रूप से करोड़ों रुपये का इनाम घोषित था।
डीजीपी के अनुसार मारे गए प्रमुख नक्सलियों में अनल (सीसीएम), अनमोल (बीजेएसएसी), अमित मुंडा (आरसीएम), पिंटू लोहरा और लालजीत शामिल हैं। उन्होंने इसे नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में एक महत्वपूर्ण मोड़ बताया।
प्रेसवार्ता में डीजीपी ने कहा कि इस कार्रवाई के बाद अब सारंडा के दूर-दराज और पिछड़े इलाकों में विकास कार्यों को गति मिलेगी। वहां नए सुरक्षा कैंप स्थापित किए जा रहे हैं ताकि शांति और विकास का माहौल कायम हो सके।
इस मौके पर सीआरपीएफ के आईजी साकेत कुमार सिंह, आईजी अभियान डॉ. एस. माइकल राज, डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा, एसपी अमित रेनू सिंह सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।

