LatestNewsNews postझारखण्डराजनीतिसरायकेला

सदर अस्पताल में तनाव: कोर्ट अनुमति के बिना तरुण महतो से मुलाकात नहीं, जयराम महतो लौटे खाली हाथ

सरायकेला सदर अस्पताल में शुक्रवार को अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया। दरअसल, डुमरी विधायक और जेएलकेएम सुप्रीमो जयराम कुमार महतो न्यायिक अभिरक्षा में भर्ती संगठन के नेता तरुण महतो से मिलने अस्पताल पहुँचे थे। तरुण महतो को ईचागढ़ में देर रात बालू लदे वाहनों को रोकने और चौकीदार-मुंशी से मारपीट के मामले में गिरफ्तार किया गया था। कोर्ट के आदेश पर उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

 

विधायक के पहुंचते ही सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह अस्पताल आए और स्पष्ट कहा कि न्यायिक अभिरक्षा से जुड़े नियमों के तहत बिना अदालत की अनुमति किसी को भी मुलाकात की अनुमति नहीं दी जा सकती, चाहे वह जनप्रतिनिधि ही क्यों न हों। पुलिस ने अस्पताल परिसर की सुरक्षा बढ़ाते हुए पूरे मामले को नियमों के अनुसार संभाला।

 

इस दौरान विधायक जयराम महतो अदालत की अनुमति का इंतजार करते रहे, जबकि बड़ी संख्या में उनके समर्थक भी अस्पताल पहुँच गए थे। अनुमति न मिलने पर विधायक को वापस लौटना पड़ा। उन्होंने कहा कि उन्हें न्याय व्यवस्था पर भरोसा है और पुलिस ने नियमों का पालन कर सही कदम उठाया है।

 

यह घटना प्रशासन के उस रुख को भी स्पष्ट करती है कि न्यायिक अभिरक्षा में बंद आरोपितों से मुलाकात को लेकर किसी भी स्तर पर नियमों में ढील नहीं दी जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *