सदर अस्पताल में विश्व स्तनपान सप्ताह का समापन, डॉक्टरों ने बताया माँ के दूध का महत्व
जमशेदपुर, 7 अगस्त 2025।


सिविल सर्जन, पूर्वी सिंहभूम डॉ. साहिर पाल के निर्देशानुसार सदर अस्पताल स्थित सीएचओ क्लासरूम में विश्व स्तनपान सप्ताह (1 अगस्त से 7 अगस्त 2025) का समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित विशेषज्ञ डॉक्टरों ने माँ के दूध के महत्व और स्तनपान से जुड़े स्वास्थ्य लाभों पर विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो ने कहा कि माँ का दूध नवजात शिशु के लिए अमृत के समान है। इससे शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और वह संक्रमण से सुरक्षित रहता है। उन्होंने कहा कि हर माँ को अपने शिशु को यह प्राकृतिक सौगात अवश्य देनी चाहिए, क्योंकि इससे बच्चों का IQ लेवल भी बेहतर होता है।

डॉ. कल्याण महतो ने माँ के दूध को शिशु का सर्वोत्तम आहार बताया और कहा कि स्तनपान कराना हर माँ का संकल्प होना चाहिए, न कि केवल एक विकल्प।
डॉ. सौमेन दत्ता ने बताया कि स्तनपान से माँ को भी कई गंभीर बीमारियों जैसे कैंसर, मोटापा और तनाव से बचाव मिलता है।
वहीं डॉ. प्रशांत प्रिया ने कहा कि माँ का दूध पिलाने से बच्चों को एलर्जी, पीलिया (जॉन्डिस) और निमोनिया जैसी बीमारियों का खतरा कम हो जाता है।

अनुमंडल अस्पताल, घाटशिला से आईं डॉ. नविता झा ने कहा कि माँ का दूध नवजात के लिए आसानी से पचने योग्य होता है और इसे देने के लिए किसी खर्च की आवश्यकता नहीं होती। उन्होंने सुझाव दिया कि दूध पिलाने से पहले माँ को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए, और कभी भी लेटकर दूध नहीं पिलाना चाहिए। साथ ही, उन्होंने प्लास्टिक की बोतल के उपयोग से भी परहेज करने की सलाह दी।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य कर्मियों और उपस्थित लोगों ने शपथ ली कि वे समाज में स्तनपान के प्रति जागरूकता फैलाएंगे और इस स्वाभाविक पोषण प्रणाली को अपनाने के लिए महिलाओं को प्रेरित करेंगे।

