LatestNewsझारखण्ड

सीएम हेमंत से मिलीं ट्राइबल रिसर्च स्कॉलर सविता कच्छप, प्रोत्साहन राशि से बढ़ाया आत्मविश्वास

रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पहली ट्राइबल रिसर्च स्कॉलर सविता कच्छप ने मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ट्रिपल आईटी, रांची में पीएचडी के लिए चयनित होने पर सविता को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। राज्य सरकार की ओर से पीएचडी अध्ययन के लिए दो लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि का चेक उनके परिजन को सौंपा गया।

मुख्यमंत्री को सविता कच्छप ने बताया कि वह अरगोड़ा क्षेत्र की निवासी हैं और वर्तमान में पढ़ाई के लिए नानी के घर रह रही हैं। महज 24 वर्ष की उम्र में इलेक्ट्रिक कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में पीएचडी के लिए चयनित होकर उन्होंने आदिवासी समाज में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। सविता तकनीकी क्षेत्र में पहली ट्राइबल रिसर्च स्कॉलर मानी जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि उनका शोध कार्य अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंच चुका है और वे IEEE जैसे प्रतिष्ठित प्लेटफॉर्म पर अपना नवाचार प्रस्तुत कर चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि सविता जैसी प्रतिभाएं राज्य का गौरव हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार शिक्षा और शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने वाले युवाओं को हरसंभव सहयोग देती रहेगी। इस अवसर पर सविता के परिजन और शुभचिंतक भी मौजूद रहे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *