सेवा संपुष्टि के लिए शिक्षकों को दस्तावेज जमा करने का निर्देश
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पश्चिमी सिंहभूम जिला शिक्षा अधीक्षक प्रवीण कुमार ने जानकारी दी है कि स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के निर्देश के आलोक में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिले के कुल 130 शिक्षक-शिक्षिकाओं की सेवा संपुष्टि करने का निर्णय लिया गया है।


उन्होंने बताया कि संबंधित शिक्षकों को कार्यालय पत्र के माध्यम से अपनी मूल सेवा पुस्तिका अद्यतन कर एक सप्ताह के भीतर जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय में जमा करने का निर्देश दिया गया था, लेकिन अब तक सेवा पुस्तिकाएं कार्यालय को प्राप्त नहीं हुई हैं।
जिला शिक्षा अधीक्षक ने बताया कि उपायुक्त के निर्देशानुसार जिन शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अब तक सेवा संपुष्टि से संबंधित दस्तावेज जमा नहीं किए हैं, वे 20 दिसंबर 2025 (शनिवार) को दोपहर 1 बजे समाहरणालय स्थित जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कैंप में अपने सभी आवश्यक दस्तावेज जमा कर सकते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी-सह-निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय में उपस्थित रहकर सूची में शामिल शिक्षक-शिक्षिकाओं की सेवा संपुष्टि की प्रक्रिया को पूरा कराना सुनिश्चित करेंगे।

