शिक्षक सपन पात्र के निधन पर तारा पब्लिक स्कूल में शोकसभा का आयोजन
पोटका : तारा पब्लिक स्कूल परिवार उस समय शोक में डूब गया जब विद्यालय के समर्पित एवं लोकप्रिय शिक्षक सपन पात्र का 28 जुलाई की संध्या 4:30 बजे लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वे पिछले कई महीनों से गंभीर बीमारी से पीड़ित थे और इलाजरत थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही 29 जुलाई को विद्यालय परिसर में शोकपूर्ण वातावरण व्याप्त हो गया। शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके पश्चात विद्यालय को शोकवश अवकाश घोषित कर दिया गया।


विद्यालय के प्राचार्य श्री कमलेश मिश्र ने शोक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि सपन पात्र न केवल एक योग्य शिक्षक थे, बल्कि वे विद्यालय के सभी गतिविधियों में सक्रिय रूप से सहभागी रहते थे। उनका योगदान विद्यालय के निर्माण और विकास में सदैव स्मरणीय रहेगा। उनकी अनुपस्थिति हमेशा खलेगी।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा अपना उत्तरदायित्व निभाते हुए लिया बड़ा निर्णय
विद्यालय प्रबंधन द्वारा शिक्षक सपन पात्र के परिवार के प्रति उत्तरदायित्व निभाते हुए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। निर्णय के अनुसार:दोनों पुत्रियों को मैट्रिक तक निःशुल्क शिक्षा दी जाएगी। 21 वर्ष तक दोनों पुत्रियों के बैंक खातों में मासिक ₹3000 की राशि विद्यालय प्रबंधन द्वारा जमा की जाएगी।
यदि उनकी पत्नी की इच्छा हो, तो उन्हें विद्यालय में सेवा देने का अवसर भी प्रदान किया जाएगा। इस शोकसभा में विद्यालय परिवार के अलावा क्षेत्र के सम्मानित जन प्रतिनिधि एवं अभिभावक भी उपस्थित थे। प्रमुख रूप से उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों में पंचायत मुखिया श्री सुखलाल सरदार, विद्यालय के सलाहकार डॉ. अरविन्द कुमार लाल, विद्यालय की डायरेक्टर श्रीमती पूनम लाल, समाजसेवी श्री सुदीप दे, राकेश मिश्रा, सुरेश महापात्र शिक्षक अंबुज प्रमाणिक, अर्जुन झा, मिहिर गोप, हेमचंद्र पात्र, दुलाल मंडल, शेखर मंडल, एवं शिक्षिकाएं शिल्पा बारिक, मनीषा नामता, निकिता गोप, संगीता पाल, नमिता सरदार, सुषमा भकत, सुषमा मंडल, जस्मीन मुर्मू, दुलमी हांसदा और सुनीता टोपनो सहित अनेक अभिभावकगण मौजूद रहे।विद्यालय परिवार ने श्री सपन पात्र को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार के प्रति अपनी गहन संवेदना व्यक्त की।

