Newsझारखण्डसरायकेला

श्रीनाथ विश्वविद्यालय के फाइन आर्ट्स विभाग में फ्रेशर्स 2025 का रंगारंग आयोजन, छात्रों ने रेट्रो थीम में बिखेरी चमक

 

 

जमशेदपुर।

श्रीनाथ विश्वविद्यालय, स्कूल ऑफ फाइन आर्ट्स में शनिवार को “फ्रेशर्स 2025” का आयोजन धूमधाम से संपन्न हुआ। समारोह का मुख्य आकर्षण रेट्रो थीम रही, जिसमें नए छात्रों का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक विरासत और शैक्षणिक वातावरण से जुड़ने का बेहतरीन अवसर प्रदान किया।

 

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की एसोसिएट डीन डॉ. भाव्या भूषण, ट्रस्टी सदस्य श्रीमती मौमिता महतो, फाइन आर्ट्स विभागाध्यक्ष श्री गणेश महतो तथा विभाग के प्रोफेसर श्री अरुण मुखुती, श्री अंजन महंती, सुश्री रीमी अदक और सुश्री सयंतनी दासगुप्ता की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया। अतिथियों का स्वागत कर समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन और स्वागत गीत से हुई।

फैशन शो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा, जिसमें छात्रों ने 70 और 80 के दशक की शैली में परिधान पहनकर मंच पर प्रस्तुति दी। संगीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों ने माहौल को और भी जीवंत कर दिया। खास तौर पर पुराने लोकप्रिय गीतों पर आधारित प्रस्तुतियों ने दर्शकों को खूब आनंदित किया और तालियों की गड़गड़ाहट से ऑडिटोरियम गूंज उठा।

 

इसके अलावा सीनियर और नए छात्रों के बीच इंटरएक्टिव गतिविधियाँ कराई गईं, साथ ही खेलों और प्रतियोगिताओं के ज़रिए आपसी संवाद और मित्रता बढ़ाने का प्रयास किया गया। मंच सजावट और कार्यक्रम संचालन में छात्रों की रचनात्मकता और ऊर्जा स्पष्ट दिखाई दी।

 

विभागाध्यक्ष श्री गणेश महतो ने अपने संबोधन में कहा कि यह आयोजन केवल स्वागत नहीं, बल्कि छात्रों को अपने कौशल दिखाने और विश्वविद्यालय परिवार से जुड़ने का मंच है। डॉ. भाव्या भूषण ने सभी छात्रों को शैक्षणिक के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

 

फ्रेशर्स 2025 ने न केवल नए छात्रों को आत्मीय वातावरण में प्रवेश दिलाया, बल्कि विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक पहचान को भी एक नई ऊर्जा के साथ प्रस्तुत किया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *