सिंह मेंशन पर बमबाजी से दहशत, विधायक आवास को बनाया गया निशाना
धनबाद।


सरायकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत स्टील गेट स्थित झरिया विधायक रागिनी सिंह के आवास “सिंह मेंशन” पर देर रात करीब 11:30 बजे अज्ञात अपराधियों ने बमबाजी कर इलाके में दहशत फैला दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अपराधियों ने पहला बम सिंह मेंशन की चहारदीवारी के भीतर फेंका, जो उस स्थान पर फटा जहाँ विधायक रागिनी सिंह, उनके पति पूर्व विधायक संजीव सिंह तथा परिजन अक्सर बैठते हैं। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
घटना के समय झरिया विधायक रागिनी सिंह, पूर्व विधायक संजीव सिंह सहित परिवार के सभी सदस्य आवास में ही मौजूद थे।
अपराधी दूसरा बम आवास के भीतर फेंकने में सफल नहीं हो सके, जिससे वह मुख्य गेट के बाहर ही फट गया। तेज धमाके की आवाज़ से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही सरायढेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
बताया जा रहा है कि झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह धनबाद नगर निगम के मेयर पद का चुनाव लड़ने जा रहे हैं और मंगलवार को नामांकन की तैयारी में जुटे हुए थे। इसी बीच हुई इस बमबाजी की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस अज्ञात अपराधियों की तलाश में जुटी है और घटना के पीछे की वजहों की गहन जांच की जा रही है।

