समस्या आपका, समाधान हमारा: टोंटो में चलंत लोक अदालत का आयोजन
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा के तत्वावधान में “न्याय आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत चलंत लोक अदालत का आयोजन प्रखण्ड सह अंचल कार्यालय टोंटो परिसर में किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को उनके द्वार पर सुलभ और त्वरित न्याय उपलब्ध कराना था।


कार्यक्रम जिला एवं सत्र न्यायाधीश मोहम्मद शाकिर के मार्गदर्शन तथा विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रवि चौधरी के निर्देश पर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंचे और अपनी समस्याएं रखीं। लोक अदालत के माध्यम से आपसी समझौते और सुलह के आधार पर मामलों के त्वरित निपटारे पर जोर दिया गया।
चलंत लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के मामलों पर सुनवाई की गई, जिनमें पारिवारिक विवाद, भूमि संबंधी मामले, बैंक ऋण, आपसी विवाद तथा अन्य दीवानी प्रकृति के प्रकरण शामिल थे। उपस्थित लोगों को निःशुल्क विधिक सलाह भी दी गई। साथ ही, विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से आमजन को उनके अधिकारों और कानूनी सहायता योजनाओं की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर पैनल अधिवक्ता प्रमोद कुमार प्रसाद ने लोगों को कानून संबंधी जानकारी दी और मामलों के समाधान में सहयोग किया। पीएलवी सदस्य सुरज ठाकुर, रविकांत ठाकुर और संजय निषाद ने भी शिविर के संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने ग्रामीणों को लोक अदालत की प्रक्रिया समझाई और आवश्यक कागजी कार्रवाई में मदद की।
कार्यक्रम के दौरान यह संदेश दिया गया कि न्याय पाने के लिए लोगों को लंबी और महंगी अदालती प्रक्रिया से गुजरने की आवश्यकता नहीं है। लोक अदालत के माध्यम से कम समय में, कम खर्च में और आपसी सहमति से विवादों का समाधान संभव है।
चलंत लोक अदालत के आयोजन से टोंटो प्रखंड क्षेत्र के लोगों को राहत मिली और कई मामलों का मौके पर ही निपटारा किया गया। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करने की मांग की।

