LatestNewsNews postझारखण्डसरायकेला

सोमा मुंडा हत्याकांड को लेकर झारखंड बंद का पूर्ण समर्थन, 16 जनवरी को मशाल जुलूस का ऐलान

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पाड़हा राजा सह सामाजिक अगुवा स्वर्गीय सोमा मुंडा हत्याकांड को लेकर आदिवासी संगठनों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। मानकी मुंडा संघ, कोल्हान पोड़ाहाट केंद्रीय समिति सहित अन्य आदिवासी सामाजिक संगठनों के संयुक्त आह्वान पर 17 जनवरी 2026 को झारखंड बंद में संपूर्ण कोल्हान बंद का समर्थन किया गया है। बंद से पूर्व 16 जनवरी 2026 की शाम 6 बजे चाईबासा में मशाल जुलूस निकालकर आम लोगों से बंद को सफल बनाने की अपील की जाएगी।

 

इस संबंध में मानकी मुंडा संघ के केंद्रीय महासचिव चंदन होनहागा एवं केंद्रीय अध्यक्ष गणेश पाठ पिगुंवा की ओर से अनुमंडल पदाधिकारी, सदर चाईबासा को लिखित सूचना दी गई है। इस दौरान समाजसेवी रमेश बालमुचू, सामाजिक कार्यकर्ता रियांश सामड, साधु हो सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।

 

पत्र में बताया गया है कि पाड़हा राजा सह संयुक्त पड़हा राजा महासभा के अध्यक्ष और खूंटी जिला निवासी स्वर्गीय सोमा मुंडा की हत्या के मामले में अब तक सभी अभियुक्तों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। इसे लेकर पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए गए हैं। साथ ही पीड़ित परिवार को अब तक उचित मुआवजा नहीं मिलने पर भी नाराजगी जताई गई है।

 

आदिवासी नेताओं ने कहा कि स्वर्गीय सोमा मुंडा आदिवासी समाज के स्वाभिमान, स्वशासन और जल-जंगल-जमीन के अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले एक प्रमुख नेता थे। वे कोयल कारो आंदोलन, खूंटकट्टी आंदोलन, सरना धर्म सभा और पेसा कानून के क्रियान्वयन जैसे आंदोलनों से सक्रिय रूप से जुड़े रहे। उनका स्पष्ट मत था कि विकास का अर्थ विस्थापन नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों को साथ लेकर आगे बढ़ना होना चाहिए।

 

संगठनों का कहना है कि सोमा मुंडा की हत्या केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं, बल्कि आदिवासी अस्मिता और संवैधानिक अधिकारों पर सीधा हमला है। 

 

इसी के विरोध में 16 जनवरी को पोस्ट ऑफिस चौक से सदर थाना होते हुए सदर बाजार और कोर्ट तक मशाल जुलूस निकाला जाएगा। वहीं 17 जनवरी को पूरे कोल्हान क्षेत्र में पूर्ण बंद रहेगा।

 

आदिवासी संगठनों ने आम जनता से शांति बनाए रखते हुए मशाल जुलूस और कोल्हान बंद को सफल बनाने की अपील की है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *