Newsझारखण्ड

सोनुआ: बाल श्रम मुक्त घोषित हुई देवांवीर, महोत्सव में जुटे ग्रामीण  

 

 

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ प्रखंड अंतर्गत देवांवीर पंचायत ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है. इस पंचायत को आधिकारिक तौर पर ‘बाल श्रम मुक्त क्षेत्र’ घोषित कर दिया गया है. इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में देवांवीर पंचायत भवन में ‘एस्पायर’ संस्था द्वारा बाल श्रम मुक्त क्षेत्र महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया.

 

कार्यक्रम का उद्घाटन स्थानीय मुखिया श्रीमती ज्योति सोय ने फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर किया. समारोह के दौरान एस्पायर संस्था द्वारा पंचायत को इस मुकाम तक पहुँचाने के लिए किए गए लंबे संघर्ष और प्रयासों की विस्तृत जानकारी साझा की गई. जिला बाल अधिकार सुरक्षा मंच के सदस्य श्री गणेश बोदरा ने कहा कि अभी सभी बच्चे विद्यालय में शिक्षा के मुख्य धारा से जुड़ गए हैं. बाल श्रम और बाल विवाह को पूरी तरह से समाप्त हम सभी मिलकर करेंगे. साथ में कहा कि भलूंरुंगी पंचायत के अंतर्गत सभी उतरीन बच्चों को पुरस्कार सहित सम्मानित किया जाएगा.

संस्था के प्रखंड समन्वयक कलेश्वर सिंह ने बताया कि पंचायत को बाल श्रम मुक्त बनाने के लिए एक ठोस रणनीति पर काम किया गया. जो 6 से 14 वर्ष के सभी बच्चों का डोर-टू-डोर सर्वे किया गया. स्कूल से बाहर रहे बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया गया. जो बच्चे बीच में पढ़ाई छोड़ चुके थे, उन्हें वापस स्कूलों से जोड़ा गया. अभिभावकों को प्रेरित किया गया कि वे बच्चों को मजदूरी के बजाय प्रतिदिन स्कूल भेजें.

मुखिया ज्योति सोय ने एस्पायर संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए ग्रामीणों से अपील की कि वे भविष्य में भी किसी बच्चे को बाल श्रम की आग में न झोंकें. कार्यक्रम के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले FLN वॉलेंटियर, सपोर्ट शिक्षकों और शिक्षिकाओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया.

 

मौके पर पंचायत सचिव शिवशंकर नायक, जिला बालधिकार सुरक्षा मंच के सदस्य मोतीलाल दास, अनिता कोडाह, बेरासाई के ग्रामीण मुंडा श्री सादो बोयपाई, मेघनाथ नायक

गोपीनाथ बोबोंगा, देवब्रत महाकुड़ सहित आंगनबाड़ी सेविकाएं, जल सहिया, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, मुंडा-मानकी, डकुआ, SHG समूह की दीदियाँ और स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे. साथ ही पोड़ाहाट, भालूरूंगी और आसनतालिया क्लस्टर के समस्त कर्मचारी भी शामिल हुए.

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *