सोनुवा की बबली महतो बनीं सीडीपीओ, इलाके में खुशी की लहर
सोनुवा। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) द्वारा शनिवार देर शाम बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया। घोषित परिणाम सूची में सोनुवा प्रखंड के महुलडीहा गांव निवासी बबली महतो का नाम शामिल होने से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।


बबली महतो वर्तमान में शिक्षा विभाग में सीआरपी के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास से यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। बबली महतो आदिवासी कुड़मी समाज के पश्चिमी सिंहभूम जिला अध्यक्ष डॉ. महतो की सुपुत्री हैं।
सीडीपीओ पद पर चयन की खबर मिलते ही महुलडीहा गांव सहित पूरे सोनुवा प्रखंड में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने बबली महतो और उनके परिवार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि बबली महतो की यह सफलता न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे इलाके और समाज के लिए गर्व की बात है। उनकी उपलब्धि से क्षेत्र की अन्य बेटियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

