LatestNewsझारखण्ड

सऊदी अरब में मारे गए प्रवासी मजदूर का शव तीन महीने बाद भी नहीं आया

सऊदी अरब में काम करने गए गिरिडीह जिले के प्रवासी मजदूर विजय कुमार महतो की मौत के तीन महीने बीत जाने के बावजूद अब तक उनका शव भारत नहीं लाया जा सका है। डुमरी थाना क्षेत्र के मधगोपाली पंचायत अंतर्गत दूधपनिया गांव निवासी विजय महतो की 24 अक्टूबर 2025 को गोली लगने से मौत हो गई थी, लेकिन परिवार आज भी अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार की प्रतीक्षा में है।

मृतक की पत्नी बसंती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके दो छोटे बच्चे हैं, जिनका भविष्य अब अनिश्चित हो गया है। शव नहीं आने के कारण परिवार मानसिक पीड़ा के साथ-साथ गंभीर आर्थिक संकट से भी जूझ रहा है। विजय के बुजुर्ग माता-पिता भी बेटे की असमय मौत से पूरी तरह टूट चुके हैं।

परिजनों के अनुसार, विजय सऊदी अरब में हुंडई इंजीनियरिंग एंड कंस्ट्रक्शन कंपनी में कार्यरत थे। घटना से कुछ दिन पहले उन्होंने वॉइस मैसेज भेजकर बताया था कि पुलिस की गोली गलती से उन्हें लग गई थी। इलाज के दौरान अस्पताल में उनकी जान चली गई।

समाजसेवी सिकन्दर अली ने बताया कि विदेशों में प्रवासी मजदूरों की मौत के बाद शव लाने और मुआवजा मिलने की प्रक्रिया बेहद जटिल होती है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि विजय महतो का शव शीघ्र भारत लाया जाए और परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए, ताकि वे सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कर सकें।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *