सऊदी में डुमरी के विजय की दर्दनाक मौत! गलती से लगी गोली, परिवार बेहाल — जयराम महतो ने शव वापसी की उठाई मांग
सऊदी अरब से एक दर्दनाक खबर आई है — डुमरी के मधगोपाली पंचायत के दुधपनिया गांव के प्रवासी श्रमिक विजय कुमार महतो की गोली लगने से मौत हो गई है। परिवार में मातम पसरा है, पत्नी बसंती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि 15 अक्टूबर की शाम विजय का वॉइस मैसेज आया था, जिसमें उन्होंने कहा था — “पुलिस किसी और पर गोली चला रही थी, गलती से मुझे लग गई।”


विजय सऊदी की हुंडई इंजीनियरिंग एंड कंस्ट्रक्शन कंपनी में कार्यरत थे और दिसंबर 2024 में रांची से रवाना हुए थे। 15 अक्टूबर को गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 24 अक्टूबर को उनकी मौत हो गई। आठ दिन बीत जाने के बाद भी शव सऊदी में ही है।
विजय के पिता सूर्य नारायण महतो ने कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें मुआवजा और बेटे का शव भारत लाने की व्यवस्था करनी चाहिए।
इस बीच डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो ने परिजनों से मिलकर ढांढस बंधाया और भारतीय दूतावास से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकार और दूतावास की तत्परता से ही परिवार को न्याय और राहत मिल सकेगी।

