Newsझारखण्डसरायकेला

सरायकेला, आदित्यपुर से बड़ी कार्रवाई — 40 लाख की ब्राउन शुगर बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार

 

 

सरायकेला: मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आदित्यपुर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती में सोमवार को विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया, जिसमें पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार कर करीब 40 लाख रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर बरामद की है।

 

जानकारी के अनुसार, छापेमारी के दौरान पुलिस ने 207.91 ग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन जब्त किया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान शाहबाज खान (19 वर्ष, एच रोड मुस्लिम बस्ती, आदित्यपुर), मोहम्मद समौर उर्फ मोहम्मद आमान (19 वर्ष, दुर्ग, छत्तीसगढ़) और रफीकुल इस्लाम (50 वर्ष, लालगोला, पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है।

 

एसपी मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया, जिसका नेतृत्व एसडीपीओ समीर कुमार सवैया ने किया। थाना प्रभारी विनोद तिर्की के साथ गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को रंगे हाथों दबोच लिया।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी शाहबाज खान के खिलाफ आदित्यपुर थाना में पहले से ही तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट और आईपीसी की विभिन्न धाराएं शामिल हैं। फिलहाल तीनों तस्करों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

 

छापेमारी दल में एसडीपीओ समीर कुमार सवैया, थाना प्रभारी विनोद तिर्की, एएसआई विनोद टुडू, एएसआई सुरेश राम, एएसआई रामरेखा पासवान, एएसआई कौशल कुमार, एएसआई सुषमा कुजूर और महिला पुलिस बल शामिल थे।

 

एसपी ने इस कार्रवाई के लिए पूरी टीम की सराहना की और कहा कि जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *