Newsझारखण्डसरायकेला

सरायकेला: देख लीजिये स्वास्थ्य विभाग की शर्मसार कर देने वाली तस्वीर, गम्हरिया सीएचसी के बाहर खुले आसमान के नीचे बेसुध पड़ी रही बुजुर्ग महिला, जिम्मेदार रहे मौन

सरायकेला: के गम्हरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में शनिवार को मानवता को शर्मसार कर देने वाली तस्वीर सामने आई है जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था कटघरे में है. यहां अस्पताल परिसर में एक अज्ञात बुजुर्ग महिला शुक्रवार दोपहर से बेसुध हालत में पड़ी रही, लेकिन किसी ने उसकी सुध नहीं ली.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला को गम्हरिया थाना पुलिस ऑटो से अस्पताल लेकर आई थी. अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद यह कह दिया कि महिला ने अत्यधिक शराब पी रखी है, जिसके बाद उसे अस्पताल परिसर के बाहर लिटा दिया गया. महिला रातभर खुले आसमान के नीचे बेसुध पड़ी रही, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने कोई पहल नहीं की.

शनिवार सुबह 11 बजे तक भी चिकित्सा पदाधिकारी अस्पताल नहीं पहुंची थीं. इस बीच महिला की हालत जस की तस बनी रही. जब मामला सिविल सर्जन तक पहुंचा, तो उन्होंने तत्काल चिकित्सा पदाधिकारी को भेजने का निर्देश दिया, मगर मौके पर किसी ने महिला की देखभाल नहीं की.

स्थानीय लोगों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही और अमानवीय रवैये का आरोप लगाया है. लोगों का कहना है कि सरकारी अस्पताल में इस तरह की बेरुखी पहले भी देखी जा चुकी है. गौरतलब है कि कुछ माह पूर्व इसी अस्पताल में एक विकलांग बुजुर्ग की व्हीलचेयर पर बैठे-बैठे मौत हो गई थी, और उस मामले को भी दबाने की कोशिश की गई थी.

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने गम्हरिया सीएचसी की कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. लोगों ने जिला प्रशासन से तत्काल जांच और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *