LatestNewsNews postझारखण्ड

सरायकेला के कवि-लेखक गुरुचरण महतो को मिलेगा राष्ट्रीय युवा नायक सम्मान

सरायकेला: जिले के पारगामा गांव निवासी कवि, लेखक, समाजसेवी और पर्वतारोही गुरुचरण महतो को “अपवाद” आदर्श युवा नायक सम्मान-2025 से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान लोक कला-संस्कृति के संरक्षण, हिंदी साहित्य में सृजनशीलता और समाजसेवा में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया जाएगा।

 

सम्मान समारोह आज 14 सितंबर को मथुरा में आयोजित संस्कार महाकुंभ-2025 के दौरान होगा। समारोह में प्रसिद्ध कथावाचक अनिरुद्ध आचार्य और बॉलीवुड निर्देशक अनिल शर्मा द्वारा उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम मथुरा के बीएसए इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर की ख्यातिप्राप्त विभूतियां और समाज सेवा में सक्रिय व्यक्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

 

गुरुचरण महतो को उनके साहित्यिक, सामाजिक और साहसिक योगदान के लिए इससे पहले कई राष्ट्रीय और क्षेत्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं। इनमें कोल्हान गौरव, लोककवि सम्मान, साहित्य श्री, वाग्देवी लिट्रेचर सम्मान, अपवाद उपाधि, लोकगायक, युवा कलाकार सम्मान सहित दर्जनों सम्मान शामिल हैं।

 

महतो की शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय सिजुलता, सरायकेला (झारखंड) से हुई। वे लोक कला-संस्कृति एक्सचेंज प्रोग्राम (जेनेसिस) के तहत 2010 में भारत सरकार द्वारा चयनित दल के साथ जापान यात्रा में प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। पर्वतारोहण में भी उनके नाम कई उपलब्धियां हैं, जिनमें उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश की दुर्गम बर्फीली चोटियों पर सफल आरोहण शामिल है।

 

साहित्यिक क्षेत्र में उनकी पुस्तकें गुणांश, कागज़ी, हिंग्लिश, गोल-टी और साझा कविता संग्रह अरण्य-रसना पाठकों के बीच लोकप्रिय रही हैं। महतो ग्रामीण बच्चों के लिए पुस्तकालय भी चलाते हैं और निःशुल्क पठन-पाठन सामग्री वितरित करते हैं।

 

गुरुचरण महतो ने इस सम्मान के लिए आदर्श संस्कार शाला के राष्ट्रीय समन्वयक डॉ. दीपक गोस्वामी और संयोजक डॉ. गोपाल भगत को आभार व्यक्त किया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *