Newsझारखण्डसरायकेला

सरायकेला-खरसावाँ पुलिस ने अफीम की अवैध खेती रोकने के लिए चलाया प्री कल्टीवेशन ड्राइव

 

ग्राम सभाओं में ली गई अफीम की खेती नहीं करने की शपथ

 

सरायकेला, 14 अक्टूबर।

जिले में अफीम की अवैध खेती की संभावना को पूरी तरह समाप्त करने के उद्देश्य से सरायकेला-खरसावाँ पुलिस ने प्री कल्टीवेशन ड्राइव अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत ग्रामीण इलाकों में जाकर लोगों को अफीम की खेती के दुष्परिणामों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी जा रही है।

 

अभियान के दौरान ईचागढ़ थाना क्षेत्र के नारो बाजार, कुचाई थाना क्षेत्र के अरुआ गांव, दलभंगा ओपी क्षेत्र के मुटूगोड़ा, गिरुपानी और दांगीलबेड़ा गांवों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। वहीं खरसावां थाना क्षेत्र के गांगुडीह मध्य विद्यालय में छात्र-छात्राओं को अफीम की अवैध खेती एवं विक्रय निषेध से संबंधित विषयों पर जागरूक किया गया।

 

पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय भाषा में उपस्थित ग्रामीणों और विद्यार्थियों को अफीम के सेवन और खेती से होने वाले नुकसान की जानकारी दी। साथ ही उन्हें संबंधित कानूनी प्रावधानों से भी अवगत कराया गया। इस मौके पर ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं ने अफीम की खेती नहीं करने की शपथ ली।

 

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को वैकल्पिक खेती अपनाने के लिए भी प्रेरित किया। पुलिस का कहना है कि इस अभियान के ज़रिए न केवल अवैध खेती पर रोक लगेगी, बल्कि लोगों को नशामुक्त और आत्मनिर्भर जीवन की ओर बढ़ने में मदद मिलेगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *