सरायकेला-खरसावां में फिर बरामद हुआ विस्फोटकों का जखीरा, बम निरोधक दस्ता ने किया विनिष्ट
जिले में नक्सलियों द्वारा छिपाए गए विस्फोटकों की बरामदगी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है.कुचाई थाना के दलभंगा ओपी क्षेत्र अंतर्गत सरायकेला और चाईबासा जिले की सीमा पर स्थित जंगली-पहाड़ी इलाके में सुरक्षा बलों के विरुद्ध हमले के उद्देश्य से भारी मात्रा में आईईडी छिपा रखे थे. इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सरायकेला-खरसावां पुलिस, चाईबासा पुलिस, झारखंड जगुआर, सीआरपीएफ और एसएसबी की संयुक्त टीम द्वारा सघन तलाशी अभियान चलाया गया.



अभियान के दौरान प्लास्टिक कंटेनरों में छिपाकर रखे गए केन आईईडी की तीन श्रेणियां बरामद हुईं 1.5 किलो वजन के 15 केन (कुल 22.5 किलो), 1 किलो के 15 केन (कुल 15 किलो) और 500 ग्राम के 14 केन (कुल 7 किलो).इस प्रकार कुल 44.5 किलो विस्फोटक बरामद किए गए. सुरक्षा की दृष्टि से सभी विस्फोटकों को मौके पर ही बम निरोधक दस्ते की मदद से नष्ट कर दिया गया.लगातार हो रही इस तरह की बरामदगियों से यह साफ संकेत मिलता है कि नक्सली अब भी सरायकेला-खरसावां और आसपास के सीमावर्ती इलाकों को सुरक्षित भंडारण क्षेत्र के रूप में उपयोग कर रहे हैं. इससे प्रशासन और सुरक्षा बलों की चुनौतियां बढ़ गई हैं. जानकारों का कहना है कि ये घटनाएं नक्सल नेटवर्क की गहराई और सक्रियता को दर्शाती हैं. पुलिस द्वारा मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है साथ ही ऐसे छिपे हुए ठिकानों को चिन्हित कर अभियान को और तेज करने की रणनीति बनाई जा रही है.

