Newsझारखण्डसरायकेला

सरायकेला में 48 घंटे से जल संकट, मोटर जलने से सप्लाई ठप — नए अध्यक्ष के सामने पहली बड़ी चुनौती

 

 

सरायकेला, संवाददाता:

सरायकेला नगर में बीते 48 घंटे से पानी सप्लाई पूरी तरह ठप रहने से नगरवासी बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। जानकारी के अनुसार जलापूर्ति की मुख्य मोटर जल जाने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है, जिससे पूरे नगर में हाहाकार की स्थिति बन गई है।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले से ही पानी की समस्या नगर की प्रमुख परेशानियों में शामिल रही है। ऐसे में अचानक सप्लाई बंद हो जाने से लोगों की दैनिक दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हो गई है। कई मोहल्लों में लोगों को निजी साधनों से पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए नव निर्वाचित नगर अध्यक्ष मनोज चौधरी ने जलापूर्ति पम्प हाउस का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द जली हुई मोटर को दुरुस्त कर पानी सप्लाई बहाल करने का निर्देश दिया। अध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

 

गौरतलब है कि पानी की किल्लत नगर की एक प्रमुख चुनावी मुद्दा रही है। ऐसे में चुनाव के तुरंत बाद उत्पन्न यह संकट नए अध्यक्ष मनोज चौधरी के लिए पहली बड़ी चुनौती और किसी ‘फ्लोर टेस्ट’ से कम नहीं माना जा रहा है।

 

नगरवासियों को अब जल्द जलापूर्ति बहाल होने का इंतजार है, ताकि उन्हें राहत मिल सके।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *