सरायकेला में दो दिवसीय प्रखंड स्तरीय कार्यशाला शुरू
ग्राम सभा के अधिकार और जिम्मेदारी पर पंचायत प्रतिनिधियों को मिलेगा प्रशिक्षण


सरायकेला। पंचायती राज विभाग, जिला प्रशासन व जेआईटीएम स्किल प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को सरायकेला प्रखंड सभागार में “अनुसूचित क्षेत्र की ग्राम सभा के अधिकार एवं जिम्मेदारी” विषय पर दो दिवसीय प्रखंड स्तरीय कार्यशाला का शुभारंभ हुआ।
कार्यशाला का उद्घाटन सरायकेला अंचल अधिकारी हिम्मतलाल महतो, सीडीपीओ सुरुचि प्रसाद, राज्य स्तरीय मास्टर प्रशिक्षक रंजीत कुमार आचार्य, संगीता कुमारी और विधायक प्रतिनिधि ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर रंजीत कुमार आचार्य इस दौरान लगभग 100 पंचायत प्रतिनिधियों और ग्राम प्रधानों को प्रशिक्षण देंगे। प्रशिक्षण का उद्देश्य अनुसूचित क्षेत्रों में ग्राम सभा की भूमिका को स्पष्ट करना, प्रतिनिधियों को उनके संवैधानिक अधिकारों व कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना और पारदर्शी जनहित व विकास कार्यों की सुनिश्चितता है।

कार्यशाला में “पेसा अधिनियम” के अंतर्गत अनुसूचित क्षेत्रों में ग्राम सभा की शक्तियां, दायित्व और बांधों में विस्थापन संबंधी विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए ग्राम स्तर पर बेहतर कार्य प्रणाली सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम का संचालन प्रखंड समन्वयक गणेश महतो ने किया, जबकि जेआईटीएम संस्था से अमरजीत सिन्हा उपस्थित रहे। दो दिवसीय यह कार्यशाला मंगलवार को भी जारी रहेगी।

