सरायकेला में संगठन को मजबूत कर पार्टी का परचम लहराएंगे : भुगलू सोरेन
राजनगर, सरायकेला:


झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) राजनगर प्रखंड कमेटी की ओर से बुधवार को सिदो-कान्हू चौक परिसर में नव मनोनीत जिला कमेटी के पदाधिकारियों के स्वागत सह अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष रामसिंह हेंब्रम ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के केंद्रीय सदस्य विशु हेंब्रम उपस्थित थे।
इस अवसर पर पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के नव मनोनीत पदाधिकारियों को माला पहनाकर सम्मानित किया गया। जिनमें प्रमुख रूप से युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष भुगलू सोरेन उर्फ डब्बा सोरेन, संगठन सचिव संजय हांसदा, जीआर किस्कू, सह सचिव विश्वनाथ मुर्मू, बुद्धिजीवी मोर्चा के जिलाध्यक्ष दुर्गालाल मुर्मू, संगठन सचिव घासीराम सोरेन, महिला मोर्चा की संगठन सचिव सुमित्रा मार्डी, सह सचिव रासमनी हांसदा, व्यवसायिक मोर्चा के कोषाध्यक्ष रिंकू राउत, किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष सरोज गोप, सह सचिव अनंत साहू तथा साहित्य एवं कला संस्कृति मोर्चा के संगठन सचिव सिबिल देवगम शामिल हैं।
कार्यक्रम में सभी नव नियुक्त पदाधिकारियों ने प्रखंड कमेटी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
इस मौके पर युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष भुगलू सोरेन ने कहा कि उनका उद्देश्य जिले में झामुमो संगठन को सशक्त बनाते हुए सरायकेला विधानसभा क्षेत्र में पार्टी का परचम लहराना है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना तथा युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों को पार्टी से जोड़ना उनकी प्राथमिकता होगी।
केंद्रीय सदस्य विशु हेंब्रम ने सभी पदाधिकारियों को उनके दायित्वों की जानकारी दी और संगठन को ऊर्जावान बनाने का आह्वान किया।
इस कार्यक्रम में प्रखंड उपाध्यक्ष भक्तु मार्डी, शेखर महाकुड़, सुबोल महतो, दिलीप महतो, यशवंत सरदार, सीताराम हांसदा, धानु टुडू, पंचू मुर्मू, गुरमीत सिंह, कासिंग किष्कु, और गणेश हेंब्रम सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


