सरायकेला-टाटा मार्ग पर कोलेबिरा में हादसा: अनियंत्रित ब्रेज़ा कार ने मोची को रौंदा, गंभीर रूप से घायल
सरायकेला। सरायकेला-टाटा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ियों के चलने से सड़क हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है। बुधवार की देर शाम कोलेबिरा बस्ती के पास एक अनियंत्रित ब्रेज़ा कार (संख्या JH06 CJ-7180) ने सड़क किनारे बैठे जूता सिलाई करने वाले मोची को रौंद दिया। हादसे में मोची के दोनों पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गए।


बताया जाता है कि कार ने नियंत्रण खोने के बाद दो मोटरसाइकिलों को भी टक्कर मार दी, जिससे दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के वक्त दीपावली बाजार होने से स्थल पर काफी भीड़ थी, जिससे अफरा-तफरी मच गई। लोग किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया। वहीं, कार चालक से पूछताछ जारी है।

