“सरयू राय ने उठाए स्वास्थ्य विभाग पर सवाल, वहीं मुसाबनी में CM हेमंत सोरेन ने झामुमो प्रत्याशी सोमेश सोरेन के लिए मांगा समर्थन”
जमशेदपुर पश्चिमी के जदयू विधायक सरयू राय ने राज्य के स्वास्थ्य विभाग पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि विभाग में पारदर्शिता की कमी साफ झलक रही है, क्योंकि विधानसभा के वरीय सदस्य होने के बावजूद उन्हें मांगी गई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई जा रही। उन्होंने पूछा कि आखिर स्वास्थ्य विभाग ऐसी कौन-सी जानकारी छिपा रहा है, जो सार्वजनिक नहीं की जा सकती? सरयू राय ने दवाओं की खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग करते हुए कहा कि सभी दवाओं की खरीद निविदा (टेंडर) के माध्यम से होनी चाहिए ताकि किसी तरह की अनियमितता न रहे।


वहीं, दूसरी ओर घाटशिला उपचुनाव को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार को मुसाबनी पहुंचे और एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि घाटशिला के विकास के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है और यहां की बंद खदानों को फिर से चालू करने की दिशा में काम जारी है। मुख्यमंत्री ने स्व. रामदास सोरेन को श्रद्धांजलि देते हुए जनता से अपील की कि वे उनके पुत्र सोमेश चंद्र सोरेन को झामुमो प्रत्याशी के रूप में समर्थन दें। उन्होंने कहा, “2 नंबर पर बटन दबाकर सोमेश को आशीर्वाद दें — यही घाटशिला के विकास का रास्ता है।”

