Newsझारखण्ड

स्थानीय प्रतिभाओं को मंच दे रहा देवेंद्र माझी स्पोर्ट्स फाउंडेशन, रजत जयंती पर सम्मान समारोह आयोजित  

 

चक्रधरपुर(प्रकाश कुमार गुप्ता): देवेंद्र माझी स्पोर्ट्स फाउंडेशन (डीएमएफएस) के रजत जयंती समारोह का आयोजन पोड़ाहाट स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सभागार में किया गया। प्रतिष्ठित ऑल इंडिया स्टील एक्सप्रेस फुटबॉल टूर्नामेंट की विजेता रही फाउंडेशन के इस समारोह में सिंहभूम की सांसद सह संरक्षक जोबा माझी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

 

विशिष्ट अतिथियों में चक्रधरपुर के विधायक सुखराम उरांव, खरसावां के विधायक दशरथ गागराई तथा मनोहरपुर के विधायक सह डीएमएफएस अध्यक्ष जगत माझी शामिल रहे।

समारोह में डीएमएफएस से जुड़े लगभग 25 पूर्व खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। अन्य खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।

 

मुख्य अतिथि जोबा माझी ने कहा कि फाउंडेशन की स्थापना का उद्देश्य स्थानीय खिलाड़ियों को तराशकर बेहतर अवसर प्रदान करना है और इस दिशा में संस्था ने उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन से जुड़े कई खिलाड़ी आज केंद्र व राज्य सरकार में कार्यरत हैं तथा विभिन्न बड़ी टीमों से जुड़कर अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।

 

विधायक सुखराम उरांव ने फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्टील एक्सप्रेस फुटबॉल टूर्नामेंट में जीत हासिल कर टीम ने अपनी क्षमता साबित की है। उन्होंने बताया कि लट्टू उरांव स्मारक कल्याण समिति और डीएमएफएस का उद्देश्य खेल और खिलाड़ियों का विकास करना है।

 

विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि एक खिलाड़ी होने के नाते वे खेल को बढ़ावा देने के लिए सदैव प्रयासरत रहे हैं और सभी जनप्रतिनिधि स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

 

विधायक जगत माझी ने कहा कि डीएमएफएस फुटबॉल के साथ-साथ क्रिकेट, कराटे, बॉक्सिंग और हॉकी जैसे खेलों को भी प्रोत्साहित कर रही है।

 

उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार की आवश्यकता होने पर संस्था से संपर्क करना चाहिए।

कार्यक्रम का संचालन एस अनवर ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रो. शिवपूजन सिंह ने किया। अंत में दिवंगत रेफरी सुनील महतो की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।

 

समारोह में सरायकेला-खरसावां जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन के महासचिव मोहम्मद दिलदार, पिनाकी रंजन, उदय माझी, मोहम्मद अशरफ, डीएमएफएस के कोच इकबाल खान, मैनेजर मोहम्मद शाहिद, बुधराम उरांव, लालू उरांव, बापी दत्ता, हसनैन आलम, डॉली अंसारी, मोहम्मद जलाल, गौस खान सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित थे।

 

*इन पूर्व खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित*

रिंकी कुजूर, नीलम खलखो, जितेन महतो, तकी अहमद, आसिफ इकबाल, शशि मेलगांडी, मदन सिंह चाकी, मोहम्मद सिराज, तहसीन आलम, शशि बेहरा, प्रकाश मुखी, अमित गोप, आफताब आलम, अब्दुल वाजिद, इरशाद अहमद, नीरज, बालेश्वर बेसरा बाले, नेहाल अंसारी, सुजीत महतो, शरीफ आलम, मंजर आलम, इलू नाग, मोहम्मद आमिर, सुशांति, इकबाल खान, अमित हेम्ब्रम, सोमवारी हेम्ब्रम और गौस खान को सम्मानित किया गया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *