सुदेश महतो ने बाबूलाल सोरेन के समर्थन में सभा की, घाटशिला में एनडीए की जीत का दावा
घाटशिला: आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने घाटशिला में विधानसभा स्तरीय बूथ सम्मेलन का आयोजन किया और एनडीए प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन के समर्थन में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। महतो ने कहा कि घाटशिला की जनता बदलाव चाहती है और ठगबंधन की सरकार से मुक्ति चाहती है। उन्होंने दावा किया कि एनडीए प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन की जीत निश्चित है।


सुदेश महतो ने हेमंत सरकार पर बालू और कोयला लूट तथा भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता ठगा महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में जनता वोट के माध्यम से सरकार को जवाब देगी और राज्य का विकास पिछड़ा हुआ है।
एनडीए प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन ने कहा कि आजसू ने झारखंड निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और महागठबंधन प्रत्याशी को हराकर घाटशिला की जनता इतिहास रचेगी। पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करने और सोरेन के पक्ष में माहौल बनाने का आह्वान किया।
सम्मेलन में आजसू और भाजपा के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे, जिनमें केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर, हसन अंसारी, महासचिव हरेलाल महतो, भाजपा जिलाध्यक्ष चंडी चरण साव आदि शामिल थे। संचालन प्रवीण प्रसाद ने किया और धन्यवाद ज्ञापन बुद्धेश्वर मुर्मू ने किया।

