तारापदो हत्याकांडः भाजपा नेता हराधन सिंह जेल भेजे गए, जांच में खुलते गए कई परतें
गालूडीह (पूर्वी सिंहभूम)।


गालूडीह थाना क्षेत्र के पुतरू गांव निवासी तारापदो महतो की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भाजपा के जिला महामंत्री हराधन सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
गौरतलब है कि 12 जनवरी को तारापदो महतो की उनके कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) में घुसकर अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना से इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था। परिजनों और ग्रामीणों ने दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग-18 को जाम कर विरोध प्रदर्शन भी किया था।
पुलिस ने इस हत्याकांड में त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि एक अन्य आरोपी जगन्नाथ गोराई ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था। जांच के दौरान संलिप्तता के ठोस साक्ष्य मिलने के बाद बुधवार को हराधन सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद 23 नवंबर को तारापदो महतो और हराधन सिंह के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद तारापदो महतो ने गालूडीह थाना में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर 28 नवंबर को हराधन सिंह को जेल भी भेजा गया था। बाद में दोनों पक्षों के बीच न्यायालय में समझौता होने के बाद हराधन सिंह को रिहा किया गया था।
बताया जा रहा है कि जेल से रिहा होने के महज 15–20 दिनों के भीतर ही तारापदो महतो की हत्या कर दी गई। पुलिस इस हत्याकांड के पीछे आपसी रंजिश और राजनीतिक विवाद को संभावित कारण मानकर जांच कर रही है।
कौन हैं हराधन सिंह
हराधन सिंह क्षेत्र में भाजपा के प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते रहे हैं और संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी अहम भूमिका रही है। लंबे समय से जांच के दायरे में रहने के बाद पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर उनकी गिरफ्तारी की है।
फिलहाल इस मामले में जांच जारी है, जबकि भाजपा के स्थानीय नेतृत्व ने इस विषय पर अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।


