टाटानगर स्टेशन पर नुक्कड़ नाटक के जरिए सड़क सुरक्षा का संदेश, ड्रिंक एंड ड्राइव से बचने की अपील
जमशेदपुर(प्रकाश कुमार गुप्ता): राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत “सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा” थीम पर टाटानगर रेल सिविल डिफेंस टीम की ओर से ट्रैफिक नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम टाटानगर स्टेशन के मुख्य निकास द्वार के सामने आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में रेल यात्री, राहगीर और टैक्सी-मैक्सी चालक मौजूद रहे।


नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ड्रिंक एंड ड्राइव और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी से होने वाली दर्दनाक सड़क दुर्घटनाओं को जीवंत रूप में दिखाया गया।

नाटक में यह दर्शाया गया कि कैसे उत्साह में अधिक शराब पीकर वाहन चलाने से पांच दोस्तों की कार दुर्घटना में मौत हो जाती है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर जुटी भीड़ को आरपीएफ जवानों द्वारा नियंत्रित किया गया और बताया गया कि यह नुक्कड़ नाटक है, जिसके बाद लोग शांत हुए।
नाटक को प्रभावी बनाने के लिए कार में पुतले रखे गए थे, जिन्हें दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल अवस्था में दिखाया गया। इसका उद्देश्य लोगों को यह समझाना था कि लापरवाही और नियमों की अनदेखी किस तरह जानलेवा साबित हो सकती है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ड्रिंक एंड ड्राइव से होने वाली कार और मोटरसाइकिल दुर्घटनाओं को कम करना था।

नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम के दौरान स्टेशन डायरेक्टर सुनील कुमार, सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार, आरपीएफ सब इंस्पेक्टर एस घोष और के मिश्रा उपस्थित रहे। स्टेशन डायरेक्टर ने कहा कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान इस तरह के कार्यक्रम लोगों को जागरूक करने के लिए बेहद जरूरी हैं और सभी से अपील की कि शराब पीकर वाहन न चलाएं।
सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि ड्रिंक एंड ड्राइव की स्थिति में दुर्घटना होने पर वाहन और व्यक्ति का इंश्योरेंस क्लेम भी नहीं मिलता है। उन्होंने कार चलाते समय सीट बेल्ट और मोटरसाइकिल चलाते समय हेलमेट पहनने की अपील की। साथ ही ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने पर ड्राइविंग लाइसेंस रद्द होने और दंड का प्रावधान होने की जानकारी दी।

नुक्कड़ नाटक में अनिल कुमार सिंह, कल्याण कुमार साहू, शंकर कुमार प्रसाद, रितेश कुमार गुहा, अमित कुमार, गीता कुमारी, वीरेंद्र मंडल, संजय कुमार महतो, तेजीता, कंचन कुमारी, सत्य प्रकाश, सरस्वती मुर्मू और पार्वती मुर्मू ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान भीड़ नियंत्रण के लिए आरपीएफ जवान तैनात रहे।

