टीएमएच में ब्रेन ट्यूमर से पीड़ित कोचा गांव निवासी युवक की मौत, खूंटी सांसद के प्रयास से 60 हजार रुपए बिल माफ
खरसावां प्रखंड के कृष्णापुर पंचायत अंतर्गत कोचा गांव निवासी वरिष्ठ कांग्रेसी कार्यकर्ता सोमनाथ सामड के 21 वर्षीय पुत्र अविनाश सामड की ब्रेन ट्यूमर से इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतक अविनाश को उपचार के लिए 24 नवंबर 2025 को टाटा मुख्य अस्पताल(TMH) में भर्ती कराया गया था. जहां उनका इलाज चल रहा था. वहीं शुक्रवार कोई इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. युवक की मौत के बाद अस्पताल का बिल काफी होने के कारण परिजन बकाया बिल देने में असमर्थ थे. TMH द्वारा 65973 का बिल जारी किया गया था. मृतक के पिता सोमनाथ सामड ने इसकी जानकारी खरसावां प्रखंड अध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि कोंदो कुंभकार को दी.



सूचना मिलते ही सांसद प्रतिनिधि ने संज्ञान में लेते हुए तुरंत इसकी सूचना खूंटी सांसद कालीचरण मुंडा को दी. सांसद कालीचरण मुंडा भी संज्ञान लेते हुए बिना देर किए अस्पताल के प्रबंधन से बात की और मानवीय आधार पर पूरे बिल को माफ कराया. अस्पताल का बिल माफ होने के बाद अस्पताल ने मृतक का शव उनके परिजनों को सौंप दिया. बता दें कि सोमनाथ सामड लंबे समय से कांग्रेस पार्टी से जुड़े सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ता माने जाते हैं. वहीं मृतक के परिजनों ने खूंटी सांसद कालीचरण मुंडा का इस नेक कार्य में आभार व्यक्त किया है.

