तेज रफ्तार बाइक ने खड़ी टेम्पो में मारी जोरदार टक्कर, युवक की मौत
राजनगर। राजनगर-हाता मुख्य मार्ग के बनकटी-पखानाडीह में सोमवार सुबह करीब 11 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। टाटा की ओर से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल (संख्या JH-05 AC 5387) ने सड़क किनारे खड़ी मालवाहक टेम्पो के पिछले हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी।


टक्कर के बाद बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय समाजसेवी अजय कुमार गोप अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को तुरंत सड़क किनारे स्थित एक लाइन होटल से खटिया मंगाकर उस पर लिटाया। इसके बाद 108 एंबुलेंस बुलाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजनगर भेजा गया।
चिकित्सकों ने काफी प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान टीकाराम महतो (निवासी पहाड़पुर गांव, गुड़ाबांधा प्रखंड, पूर्वी सिंहभूम) के रूप में हुई है। उनके परिवार में दो छोटी बेटियां हैं।
अजय कुमार गोप ने इस हादसे के बाद लोगों से हेलमेट पहनने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने बताया कि मृतक ने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे सिर में गंभीर चोट लगी और जान बचाना मुश्किल हो गया।
सूचना पाकर राजनगर पुलिस अस्पताल पहुँची और मामले की जांच शुरू की। शव को सीएचसी राजनगर में रखा गया है, जिसे मंगलवार को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला भेजा जाएगा।


