Newsझारखण्ड

टोंटो प्रखंड की तीन पंचायतों को मिली एम्बुलेंस सेवा

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): टोंटो प्रखंड के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। माननीय मंत्री दीपक बिरूवा ने टोंटो, रेंगड़ा और बुंडू पंचायत के ग्रामीणों के लिए एम्बुलेंस सेवा का विधिवत उद्घाटन किया।

 

इस अवसर पर मंत्री ने फीता काटकर और हरी झंडी दिखाकर एम्बुलेंस को रवाना किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सुदूरवर्ती और दुर्गम इलाकों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना चुनौतीपूर्ण रहा है, लेकिन यह एम्बुलेंस ग्रामीणों के लिए आपात स्थिति में बड़ी राहत साबित होगी।

 

एम्बुलेंस सेवा शुरू होने पर स्थानीय ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखा गया। ग्रामीणों ने कहा कि अब तक सड़क दूरी और संसाधनों की कमी के कारण मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में कठिनाई होती थी, जिसे अब काफी हद तक दूर किया जा सकेगा।

 

कार्यक्रम में पश्चिमी सिंहभूम जिला कोषाध्यक्ष सुभाष बनर्जी, झामुमो टोंटो प्रखंड कमेटी के अध्यक्ष-सचिव सह जिला परिषद सदस्य राज नारायण तुबीड, दिनेश कुमार तुंबलिया, पुलेंदर महतो, रामू थापा, प्रदीप लागूरी, प्रकाश लागूरी, घनश्याम लागूरी सहित आसपास के गांवों के मुंडा, डाकुआ, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।

 

मंत्री ने कहा कि “स्वास्थ्य सेवा अब आपके द्वार” के संकल्प के तहत यह पहल टोंटो प्रखंड के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *