JamshedpurLatestNews

ट्रैक मेंटेनर की सुरक्षा को लेकर यूनियन की मांग, शहीद लंका पुरती के परिवार से मिले: चांद मोहम्मद

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): ऑल इंडिया रेलवे ट्रैक मेंटेनर यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चांद मोहम्मद के नेतृत्व में यूनियन का एक प्रतिनिधिमंडल कल रविवार को रेल दुर्घटना में अपनी जान गवाने वाले स्वर्गीय लंका पुरती का गांव माटागुटु पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने स्वर्गीय लंका पुरती की पत्नी एवं उनके सभी बच्चों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और यूनियन की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

 

इस अवसर पर ऑल इंडिया रेलवे ट्रैक मेंटेनर यूनियन की ओर से लंका पुरती की पत्नी को आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। अर्बन बैंक के डेलीगेट सह चाईबासा सेक्शन के शाखा सचिव लालू कुजूर के द्वारा अर्बन बैंक की ओर से नगद 10,000 रुपये की सहायता राशि दी गई। यूनियन नेताओं ने कहा कि इस दुख की घड़ी में ऑल इंडिया रेलवे ट्रैक मेंटेनर यूनियन लंका पुरती के परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।

 

राष्ट्रीय अध्यक्ष चांद मोहम्मद ने कहा कि ट्रैक मेंटेनर रेलवे की रीढ़ हैं, लेकिन उनकी सुरक्षा को लेकर रेल प्रशासन को और गंभीर होने की जरूरत है। उन्होंने मांग की कि कोल्ड वेदर पेट्रोलिंग के दौरान पेट्रोलिंग बीट किलोमीटर को कम किया जाए, ताकि ट्रैक मेंटेनरों पर अनावश्यक दबाव न पड़े और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

 

उन्होंने यह भी मांग की कि चक्रधरपुर मंडल के अंतर्गत सभी सेक्शनों में रक्षक डिवाइस जल्द से जल्द उपलब्ध कराया जाए। रक्षक डिवाइस से ट्रैक मेंटेनरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है और दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। यूनियन ने स्पष्ट कहा कि ट्रैक मेंटेनरों की जान की कीमत पर कोई लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

 

इस मौके पर यूनियन के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित थे, जिनमें सागर कुंकल, राजू मुखी, सुरेन्द्र देवगम, भोलेनाथ सिंकू, जगत बिरूली, बाबूलाल बोदरा सहित अन्य शामिल थे। सभी ने एक स्वर में लंका पुरती के परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की और उनकी हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

 

यूनियन ने रेल प्रशासन से अपील की कि ट्रैक मेंटेनरों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि भविष्य में किसी भी परिवार को इस तरह का दुख न झेलना पड़े।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *