Newsझारखण्ड

टुंगरी में रमेश खिरवाल के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन, पूर्व मंत्री सहित नेताओं ने मांगा समर्थन

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): टुंगरी, स्थित चाईबासा में भाजपा समर्थित प्रत्याशी रमेश खिरवाल के चुनावी कार्यालय का सोमवार को विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा झारखंड प्रदेश उपाध्यक्ष सह झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई एवं भाजपा जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू ने फीता काटकर कार्यालय का शुभारंभ किया।

 

इस अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय मतदाता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने उपस्थित लोगों से क्रमांक संख्या 6 पर बिस्कुट छाप पर मुहर लगाकर भाजपा समर्थित प्रत्याशी रमेश खिरवाल को विजयी बनाने की अपील की।

 

पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि चाईबासा शहर की वर्तमान स्थिति किसी से छिपी नहीं है। उन्होंने कहा कि शहर में विकास की आवश्यकता है और इसके लिए जनता को परिवर्तन के पक्ष में निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर में गंदगी, जाम नालियां और मनोरंजन के साधनों की कमी जैसी समस्याएं हैं, जिनके समाधान के लिए सक्षम नेतृत्व जरूरी है।

 

भाजपा जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि शहर में महिलाओं के लिए विशेष सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों और शहर के विकास के लिए आगे आना चाहिए तथा रमेश खिरवाल को समर्थन देना चाहिए।

 

रमेश खिरवाल ने अपने संबोधन में कहा कि वे स्वयं को क्षेत्र की जनता का बेटा और भाई मानते हैं। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें अवसर मिला तो वे शहर के समग्र विकास के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने मतदाताओं से अपने कीमती वोट के माध्यम से सहयोग देने की अपील की।

 

कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया और आमजन का समर्थन भी दिखाई दिया। मौके पर सैकड़ों की संख्या में महिला एवं पुरुष मौजूद थे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *