त्योहार को लेकर खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण, मिलावटी व एक्सपायर खाद्य पदार्थ नष्ट
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): जिला उपायुक्त के निर्देशानुसार आगामी त्योहारों के मद्देनजर आमजनों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से शुक्रवार 09 जनवरी शुक्रवार को चाईबासा शहरी क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी धनेश्वर हेंब्रम द्वारा विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया।


अभियान के तहत मतकमहातु, महुलसाय एवं नीमडीह क्षेत्र में संचालित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कई दुकानों में खाद्य लाइसेंस एवं पंजीकरण नहीं पाए गए। ऐसे प्रतिष्ठानों को तत्काल नोटिस जारी करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर खाद्य अनुज्ञप्ति एवं पंजीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया गया।

निरीक्षण के क्रम में प्रायोरिटी स्टोर, मनोज संजय स्टोर, केक किंगडम, फ्रेंड्स फूड रेस्टोरेंट, गोल्डन चिल्ली फैमिली रेस्टोरेंट, अशोक स्टोर एवं वन स्टॉप स्टोर सहित अन्य दुकानों की जांच की गई। इस दौरान सूजी, बिस्किट, सरसों तेल एवं तिलकुट के नमूने संग्रह कर राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला भेजे गए, ताकि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता की जांच की जा सके।
जांच के दौरान कुछ दुकानों में एक्सपायर कोल्ड ड्रिंक एवं ब्रेड पाए गए। वहीं बेसन लड्डू पर निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि, एफएसएसएआई लोगो एवं वैध लाइसेंस नंबर अंकित नहीं थे तथा उसमें अखाद्य रंग पाए गए। ऐसे संदेहास्पद खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट कराया गया और संबंधित दुकानदारों को कड़ी हिदायत दी गई।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने दुकानों में स्वच्छता, खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण, स्वच्छ पानी के उपयोग एवं कर्मचारियों द्वारा एप्रन, ग्लव्स और हेडगियर पहनने के निर्देश भी दिए। साथ ही चेतावनी दी गई कि दोबारा अनियमितता पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने बताया कि इस तरह के निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

