Newsझारखण्ड

उ. म. वि. टेकासाईं में बाल मेला आयोजित, बच्चों ने दिखायी विविध प्रतिभाएं

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): सदर प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय टेकासाईं में मंगलवार को बाल मेला का आयोजन किया गया। बाल मेला के प्रथम सत्र की शुरुआत परिचय कार्यक्रम से हुई। इसके बाद बच्चों के लिए कई तरह की शैक्षणिक व मनोरंजन गतिविधियों का आयोजन किया गया।

 

बाल मेला के दौरान बच्चों ने रंगोली, चित्रांकन, बैलून फोड़, हस्तकला, बिस्किट रेस, हांडी फोड़, नृत्य और भाषण प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रंगोली प्रतियोगिता में बच्चों ने रंग-बिरंगी आकर्षक आकृतियां बनाईं। चित्रांकन प्रतियोगिता में आधुनिकता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों पर चित्र प्रस्तुत किए गए। बैलून फोड़ प्रतियोगिता में लड़के और लड़कियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

हस्तकला में बच्चों ने मिट्टी से घर सहित विभिन्न आकृतियां बनाईं। पहली, दूसरी और तीसरी कक्षा के बच्चों ने बिस्किट रेस में उत्साह के साथ भाग लिया। नृत्य प्रतियोगिता में बच्चियों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिसका सभी ने आनंद लिया।

 

विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका एस. एल. होरो ने एस्पायर संस्था के कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों की छिपी प्रतिभा सामने आती है और विद्यालय के प्रति उनका आकर्षण बढ़ता है। कार्यक्रम में शिक्षक सुनील कुमार पासवान, कविता गागराई, राजा राय तथा एस्पायर संस्था से सिगराय गोप, रजनी दास, बाबू सिंह बिरुली और स्नेहलता सोय उपस्थित रहे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *