UGC ने जारी की 32 फर्जी विश्वविद्यालयों की सूची, झारखंड की दक्ष यूनिवर्सिटी भी शामिल
देशभर के छात्रों के लिए अहम खबर है। University Grants Commission यानी यूजीसी ने शैक्षणिक सत्र 2026 के लिए 32 फर्जी विश्वविद्यालयों की सूची जारी की है। इस सूची में झारखंड की दक्ष यूनिवर्सिटी का नाम भी शामिल है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि ये संस्थान बिना वैधानिक मान्यता के संचालित हो रहे हैं और इन्हें डिग्री प्रदान करने का कोई कानूनी अधिकार नहीं है।


यूजीसी ने छात्रों और अभिभावकों को चेतावनी दी है कि इन संस्थानों से प्राप्त डिग्री किसी भी सरकारी या निजी नौकरी में मान्य नहीं होगी, न ही उच्च शिक्षा के लिए स्वीकार की जाएगी। आयोग के अनुसार, ऐसे संस्थानों की मार्कशीट महज कागज का टुकड़ा साबित होगी।
रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के संस्थान इस सूची में शामिल हैं। पिछले दो वर्षों में फर्जी विश्वविद्यालयों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
यूजीसी ने सलाह दी है कि छात्र दाखिला लेने से पहले आधिकारिक वेबसाइट पर संस्थान की मान्यता जरूर जांच लें। मान्यता प्राप्त केंद्रीय, राज्य या डीम्ड विश्वविद्यालयों में ही प्रवेश लें, ताकि समय, पैसा और भविष्य सुरक्षित रह सके।

