उपायुक्त ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का किया औचक निरीक्षण
सरायकेला-खरसावां जिले के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने 9 जुलाई 2025 को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, चांडिल एवं गम्हरिया का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर में संचालित शैक्षणिक सुविधाओं का स्थलीय अवलोकन किया और आवश्यक निर्देश दिए।


उपायुक्त ने आईसीटी प्रयोगशाला, विज्ञान प्रयोगशाला, स्मार्ट कक्षाएं और पुस्तकालय का निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने पुस्तकालय में गुणवत्तापूर्ण और ज्ञानवर्धक पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु निर्देश दिए।
उपायुक्त ने विभिन्न कक्षाओं में अध्ययनरत छात्राओं से शैक्षणिक संवाद स्थापित किया और गणित, विज्ञान एवं मानविकी विषयाओं पर संक्षिप्त शिक्षण सत्र का संचालन किया। उन्होंने छात्राओं को जटिल विषयों को सरलता से समझने हेतु व्यवहारिक सुझाव प्रदान किए और विषयों की व्यावहारिक उपयोगिता एवं संभावित करियर विकल्पों पर मार्गदर्शन भी प्रदान किया।
उपायुक्त ने विद्यालय संचालन में गुणात्मक सुधार, शिक्षण वातावरण की सुदृढ़ता और उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी एवं उद्देश्यपरक उपयोग के माध्यम से छात्राओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में ठोस पहल सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने विद्यालय परिसर की नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने और छात्राओं के मानसिक एवं शारीरिक विकास पर विशेष ध्यान दिए जाने का भी निर्देश दिया।
इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री कैलाश मिश्रा सहित संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं अन्य शिक्षकगण उपस्थित थे।

