Newsझारखण्ड

वार्ड 21 से दीपानिता पाल ने किया नामांकन, सफाई को बताया पहली प्राथमिकता  

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): चाईबासा नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी के बीच वार्ड संख्या 21 से एक और महिला प्रत्याशी ने चुनाव मैदान में कदम रखा है। समाज और वार्ड के विकास के उद्देश्य से दीपानिता पाल ने आज वार्ड पार्षद प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया।

 

नामांकन के दौरान दीपानिता पाल ने बताया कि यदि उन्हें जनता का समर्थन मिलता है तो उनकी पहली और सबसे अहम प्राथमिकता वार्ड में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना होगी। उन्होंने कहा कि पिछले कई दिनों से वार्ड 21 गंदगी की गंभीर समस्या से जूझ रहा है, जिसके कारण लोगों में बीमारियां फैल रही हैं। इसके बावजूद इस ओर अब तक अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया है।

 

उन्होंने विशेष रूप से बांधपाड़ा और टुंगरी क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन इलाकों की नालियां पूरी तरह जाम पड़ी हैं। नालियों में गंदा पानी जमा रहने से मच्छर और कीड़े-मकोड़ों की भरमार हो गई है, जिससे स्थानीय लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।

 

दीपानिता पाल ने आगे कहा कि उनके पास वार्ड के विकास को लेकर कई अन्य योजनाएं और विजन हैं, जिन्हें वे चरणबद्ध तरीके से लागू करना चाहती हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि यदि जनता उन्हें मौका देती है तो वे पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ वार्ड 21 के लिए काम करेंगी।

 

नामांकन के अवसर पर उनके साथ सैकड़ों की संख्या में महिला और पुरुष समर्थक मौजूद रहे। समर्थकों की मौजूदगी से वार्ड 21 में चुनावी माहौल और भी गर्म होता नजर आया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *