वायरल गीत से चर्चा में आए ‘धूम’ को मिलेगा सरकारी आवास, प्रशासन ने लिया त्वरित संज्ञान
जमशेदपुर:


देशभर में वायरल गीत “कृष का गाना सुनेगा” के जरिए चर्चा में आए धूम की दयनीय स्थिति को देखते हुए डुमरी विधायक टाइगर जयराम महतो और झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) ने सरकार का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया। जेएलकेएम ने धूम के गरीब, असहाय और आवासहीन होने की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मानवीय आधार पर सहायता की मांग की थी।
इस अपील पर त्वरित संज्ञान लेते हुए जिले के उपायुक्त ने जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र के उप नगर आयुक्त को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। निर्देशानुसार धूम को सरकारी आवास उपलब्ध कराया जाएगा, साथ ही बिजली, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं भी सुनिश्चित की जाएंगी।
प्रशासन की इस पहल से धूम के जीवन में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद जगी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन के त्वरित कदम का स्वागत करते हुए कहा कि यह निर्णय समाज के कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशीलता का परिचायक है। वहीं, जेएलकेएम नेताओं ने कहा कि जरूरतमंदों के लिए संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

