LatestNewsNews postझारखण्डराजनीतिसरायकेला

वीर शहीद मजदूर नेता रतिलाल महतो की जयंती पर श्रद्धांजलि सभा, फुटबॉल प्रतियोगिता एवं कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित

गम्हरिया।

वीर शहीद मजदूर नेता रतिलाल महतो की जयंती के अवसर पर उपरबेड़ा मैदान में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह द्वारा शहीद रतिलाल महतो की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण से की गई। इसके पश्चात सभी ने उनके समाधि स्थल पर माथा टेककर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शहीद परिवार से भेंट कर उनका दुख–सुख जाना।

 

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए राज्य के भू-राजस्व सह परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि शहीदों को सम्मान और संघर्षशील लोगों के उत्थान की सोच के कारण आज झारखंड का नाम देश में अग्रणी राज्यों में शामिल हुआ है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र के मजदूरों के लिए शहीद रतिलाल महतो के अधूरे संघर्ष और सपनों को पूरा करना हम सभी का दायित्व है।

सांसद जोबा मांझी ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र के मजदूरों को शोषण से मुक्ति दिलाने में रतिलाल महतो के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनकी जयंती पर मजदूरों के अधिकारों एवं हितों की रक्षा का संकल्प लेने की आवश्यकता है।

घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि रतिलाल महतो मजदूरों के सच्चे संरक्षक थे। उनके संघर्ष के परिणामस्वरूप औद्योगिक क्षेत्र की दर्जनों कंपनियों में मजदूरों को उनका हक और अधिकार मिला।

 

समारोह की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो ने की, जबकि संचालन अमृत महतो ने किया। प्रखंड अध्यक्ष भोमरा मांझी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

 

इस अवसर पर पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू, पूर्व विधायक कुणाल षाडंगी, सरायकेला विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी गणेश महली, केंद्रीय कार्यकारी सदस्य गणेश चौधरी, केंद्रीय सदस्य गणेश माहली, पिंटू महतो, शत्रुघ्न महतो, बीरेन महतो, शंकर मुखी, अमीन मंडल, राजेश गोप, डब्बा सोरेन, गौतम महतो, सनी सिंह,सरोज मुखर्जी ,सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। साथ ही शहीद रतिलाल महतो के पुत्र-पुत्रियों मनोदीप महतो, बिहु रानी महतो, जाया रानी महतो सहित उनके परिवार के सदस्य भी कार्यक्रम में मौजूद थे।

 

इस मौके पर शहीद रतिलाल महतो रक्षा समिति की ओर से आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन भी किया गया। प्रतियोगिता में

प्रथम स्थान – SRLM उपरबेड़ा,

द्वितीय स्थान – बिल्ला गैंग,

तृतीय स्थान – जुलूम टांड एफसी,

चतुर्थ स्थान – गंगन स्पोर्टिंग

ने प्राप्त किया। विजेता एवं उपविजेता टीमों को जिलाध्यक्ष शुभेंदु महतो, प्रखंड अध्यक्ष भोमरा मांझी, अमृत महतो एवं राजेश गोप द्वारा पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

 

कार्यक्रम के दौरान मंत्री दीपक बिरुवा, सांसद जोबा मांझी, पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू, पूर्व विधायक कुणाल षाडंगी एवं गणेश महली के हाथों लगभग 300 जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण भी किया गया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *