विधायक जगत माझी की पहल से मनोहरपुर में पत्तल-दोना उत्पादन इकाई का उद्घाटन, महिलाओं को मिलेगा स्वरोजगार का अवसर
मनोहरपुर प्रखंड के नंदपुर पंचायत सचिवालय में सारंडा वन प्रमंडल एवं जेएसएलपीएस के संयुक्त तत्वावधान में पत्तल-दोना उत्पादन इकाई का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक जगत माझी ने कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने से परिवार और समाज दोनों सशक्त होंगे।


कार्यक्रम के दौरान 16 महिला समूहों के बीच पत्तल-दोना मशीन का वितरण किया गया, जिससे प्रखंड की सैकड़ों महिलाएं स्वरोजगार से जुड़ सकेंगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा। विधायक जगत माझी ने कहा कि उनका प्रयास है कि क्षेत्र के हर परिवार को रोजगार से जोड़ा जाए ताकि पलायन पर रोक लग सके।
विधायक ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए गांव और घर स्तर पर रोजगार के साधन उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने जंगलों की रक्षा करने और उन्हें नुकसान न पहुंचाने की अपील की। इस अवसर पर वन विभाग और जेएसएलपीएस के अधिकारी सहित सैकड़ों महिलाएं मौजूद रहीं।
विधायक जगत माझी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए पंचायत और प्रमुख स्थलों पर होर्डिंग्स लगाए जाएं। इससे लोगों को सरकार की योजनाओं की जानकारी मिल सकेगी और वे इसका लाभ उठा सकेंगे।

