विधायक पूर्णिमा दास साहू ने मंईयां सम्मान योजना में अनियमितता पर की जल्द समाधान की मांग
जमशेदपुर/जिला: विधानसभा क्षेत्र। विधायक पूर्णिमा दास साहू ने मंईयां सम्मान योजना की राशि खाते में न मिलने और क्रेडिट न होने की समस्या को लेकर जिला उपायुक्त से विशेष पहल की मांग की है। विधायक ने बताया कि उनके आवासीय कार्यालय में योजना की राशि न मिलने की शिकायत लेकर लगातार कई महिलाएं आ रही हैं। सभी महिलाओं के दस्तावेज सही होने के बावजूद उन्हें भुगतान नहीं मिला है।


विधायक ने संबंधित अधिकारियों से इस मामले की जांच कर समाधान के लिए विशेष कैंप लगाने का आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि शिकायतों को सुनने के बाद जिला उपायुक्त से टेलीफोन पर बातचीत कर समस्या के स्रोत का पता लगाने और जल्द समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया है। विधायक ने कहा कि यह समस्या विभागीय हो सकती है या बैंक से संबंधित, जो भी हो जल्द ही इस पर कार्रवाई की जाएगी।
इस पहल से महिलाओं को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे योजना के लाभार्थियों को उचित समय पर लाभ मिल सके। विधायक पूर्णिमा दास साहू ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र की महिलाओं के हित में काम करना है और इस प्रकार की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

