Newsझारखण्डसरायकेला

विद्यार्थियों को अपनी प्राचीन भारतीय संस्कृति से अवगत कराएं :  बीडीओ 

 

 

अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा आयोजित भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा-2024 के अव्वल विद्यार्थियों के बीच प्रमाण पत्र वितरित

 

 

 

अखिल विश्व गायत्री परिवार मार्गदर्शक शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में आयोजित भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा-2024 के अव्वल विद्यार्थियों के बीच शुक्रवार को राजनगर पंचायत भवन में प्रमाण पत्र सह पुरस्कार वितरण समारोह सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रखंड विकास पदाधिकारी मलय कुमार, मुखिया राजो टुडू व शिक्षा विभाग की बीपीओ ममता दुबे उपस्थित शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत वेद माता गायत्री, पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य एवं गुरुमाता भगवती देवी शर्मा को पुष्पांजिल अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के 24 अव्वल विद्यार्थियों को गायत्री गमछा, प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सम्बन्धित स्कूल के शिक्षकों सम्मनित किया। इस मौके पर बीडीओ मलय कुमार ने कहा कि भारतीय संस्कृति हजारों साल पुरानी है। हमारी संस्कृति हमें यह सिखाती है कि दूसरों को तकलीफ देना पाप है, जबकि परोपकार से पुण्य मिलता है। हमारी संस्कृति हमें शांति, सद्भाव व भाईचारे से जीना सिखाती है। आज विद्यार्थियों के अंदर भारतीय संस्कृति के मूल्यों का पतन दिखाई पड़ता है। इसके जिम्मेदार सिर्फ हमसब अविभावक ही हैं बच्चे नहीं। हम बच्चों को अपनी संस्कृति का ज्ञान नहीं दे पा रहे हैं जिससे बच्चे अन्य चीजों की ओर आकर्षित हो रहे हैं। गायत्री परिवार द्वारा इस तरह का आयोजन सराहनीय कार्य है। हमें बच्चों को बचपन से ही भारतीय संस्कृति से परिचित कराना होगा। ताकि बच्चे संस्कारवन, ज्ञानवान बनें। बीडीओ ने संस्कृत के श्लोक एवं दोहों के माध्यम से अपने विचार प्रकट किए। वहीं कार्यक्रम के दौरान सभी ने गायत्री मंत्र का जाप किया। गायत्री परिवार के ट्रस्टी शम्भूनाथ अग्रवाल ने भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के उद्देश्यों से अवगत कराया। कहा कि भारतीय सनातन संस्कृति एवं परम्परा पूरे विश्व में शांति का अग्रदूत बनने जा रहा है, वह दिन दूर नहीं ज़ब भारत विश्व गुरु बनेगा। कार्यक्रम में ट्रस्टी शंभूनाथ अग्रवाल, राजेश साहू, त्रिलोचन महतो, पिंटू राउत, रवि साहू, समीर राउत, दमयंती गोप, संजना गोप, लक्ष्मी गोप, दिनेश महतो उपस्थित थे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *