विनोद पांडेय ने बाबूलाल मरांडी पर हमला बोला, कहा- उनकी राजनीति अब केवल आरोपों तक सीमित
रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव और प्रवक्ता विनोद पांडेय ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी पर तीखा प्रहार किया है। पांडेय का कहना है कि मरांडी अब राजनीति में केवल झूठ, अफवाह और आरोप फैलाकर ही प्रासंगिक बने रहने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि झारखंड की जनता ने उन्हें पूरी तरह नकार दिया है।


विनोद पांडेय ने आरोप लगाया कि जिस BJP के शासनकाल में राज्य में लूट, घोटाले और बेरोजगारी फैली थी, वही पार्टी आज झारखंड की हेमंत सरकार को नैतिकता और ईमानदारी का पाठ पढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति ठीक वैसी है, जैसे “चोर उचक्कों का गिरोह चौकीदारी की बात करे।”
गुमला की हालिया घटना को लेकर पांडेय ने कहा कि BJP इसे जानबूझकर सांप्रदायिक रंग देने का प्रयास कर रही है, ताकि राज्य का माहौल बिगाड़ा जा सके। उनका कहना है कि जहां शांति है, वहां BJP नफरत फैलाने में लगी रहती है। पांडेय ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार हर मामले में कानून के तहत कार्रवाई कर रही है।
भ्रष्टाचार के सवाल पर पांडेय ने कहा कि BJP का चेहरा ही भ्रष्टाचार का पर्याय है। उन्होंने कोयला और ज़मीन घोटाले, फर्जी नियुक्तियां और परीक्षा लीक जैसी घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि BJP ने झारखंड को कलंकित किया है। पांडेय ने यह भी याद दिलाया कि मरांडी के कार्यकाल में पुलिस और प्रशासन BJP नेताओं के अनुचर बने रहे।
बच्चों और युवाओं को लेकर उठाए गए सवालों पर पांडेय ने कहा कि BJP ने युवाओं को केवल बेरोजगारी, पलायन और भूखमरी दी, जबकि हेमंत सरकार ने स्कॉलरशिप, रोजगार, भर्ती प्रक्रिया और शिक्षा-स्वास्थ्य में ठोस कदम उठाए हैं।
अंत में पांडेय ने कहा कि बाबूलाल मरांडी की राजनीति अब केवल आरोप पत्र बनकर रह गई है। उनके पास विकास का एजेंडा या जनता के लिए कोई योजना नहीं है। उनके हर बयान में सत्ता की लालसा और राजनीतिक हताशा झलकती है। पांडेय ने दावा किया कि हेमंत सरकार जनता द्वारा चुनी गई सरकार है और BJP को झारखंड की जनता ने पूरी तरह नकार दिया है। आने वाले समय में BJP को और कड़ा सबक मिलेगा।

