युवा शक्ति राष्ट्र शक्ति के संदेश के साथ रमेश खिरवाल ने युवाओं से किया संवाद
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): चाईबासा नगर निकाय चुनाव के तहत अध्यक्ष पद के उम्मीदवार रमेश खिरवाल उर्फ लड्डू ने युवाओं से सीधा संवाद करते हुए उन्हें शहर के विकास में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। इस क्रम में उन्होंने रविवार को अपने समर्थकों के साथ रोटरेक्ट क्लब के युवा सदस्यों के साथ एक बैठक की।


रमेश खिरवाल के प्रवक्ता द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि बैठक के दौरान रमेश खिरवाल ने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास के लिए महिलाओं और अभिभावकों की भूमिका जितनी जरूरी है, उतनी ही अनिवार्य भूमिका युवाओं की भी होती है। उन्होंने कहा कि यदि युवा साथ नहीं होंगे तो विकास की परिकल्पना अधूरी रह जाएगी।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर चाईबासा शहर के विकास में अपना योगदान दें और मिलकर एक बेहतर, सुंदर और व्यवस्थित शहर के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं। रमेश खिरवाल ने कहा कि नगर परिषद के माध्यम से युवाओं को मिलने वाली सभी सुविधाओं को प्राथमिकता के साथ लागू करने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक के दौरान उन्होंने युवाओं को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए वे हमेशा तत्पर रहेंगे और युवाओं से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि खेल, शिक्षा, रोजगार और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
इस अवसर पर रोटरेक्ट क्लब के अध्यक्ष, सचिव सहित सैकड़ों की संख्या में क्लब के सदस्य उपस्थित थे। बैठक में युवाओं ने भी अपनी बात रखी और शहर से जुड़ी समस्याओं और अपेक्षाओं को साझा किया।
नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर युवाओं के साथ इस संवाद को अहम माना जा रहा है। चुनावी माहौल में युवाओं की भूमिका को देखते हुए रमेश खिरवाल का यह प्रयास शहर के मतदाताओं को संदेश देने वाला माना जा रहा है कि विकास की प्रक्रिया में युवा शक्ति को केंद्र में रखा जाएगा।

