94.20% अंक के साथ दिवाश मार्डी ने लहराया परचम, कठिन हालात में रचा सफलता का इतिहास *राजनगर:-* झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC)

राजनगर:-झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) द्वारा आयोजित मैट्रिक परीक्षा 2026 में राजनगर के इंग्लिश एकेडमी हाई स्कूल के छात्र दिवाश मार्डी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 94.20 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त की है। दिवाश ने कुल 500 में से 471 अंक अर्जित कर अपनी प्रतिभा और मेहनत का लोहा मनवाया।


दिवाश ने सभी विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। गणित में शत-प्रतिशत 100 अंक, विज्ञान में 97 अंक, अंग्रेजी में 95 अंक और सामाजिक विज्ञान में 95 अंक प्राप्त कर उन्होंने अपनी पढ़ाई के प्रति समर्पण को साबित किया।
साधारण परिवार से आने वाले दिवाश के पिता चैतान मार्डी पेशे से किसान हैं, जबकि माता दुलारी मार्डी जमशेदपुर में दिहाड़ी मजदूरी करती हैं। सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बावजूद दिवाश ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की। दिवाश ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने विद्यालय के प्राचार्य और विद्यालय के सभी शिक्षको को दिया।दिवस मार्डी आगे चल कर इंजीनियर बनना चाहते है
विद्यालय के प्राचार्य अभिषेक मिश्रा ने दिवाश की सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि वह शुरू से ही मेधावी, अनुशासित और मेहनती छात्र रहा है। उन्होंने बताया कि दिवाश स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता था और उसकी इस उपलब्धि से न सिर्फ विद्यालय, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है।
दिवाश की इस शानदार सफलता से गांव और आसपास के क्षेत्रों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने उसे बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

