गिरिडीह में जैक पेपर लीक मामले में बड़ा खुलासा, स्ट्रांग रूम से ही हुआ था पेपर लीक
गिरिडीह में जैक पेपर लीक मामले में बड़ी खबर सामने आई है। पुलिस की जांच में पता चला है कि 10वीं बोर्ड का हिंदी और साइंस का प्रश्न पत्र गिरिडीह के स्ट्रांग रूम से लीक हुआ था। लीक हुए प्रश्न पत्र को ट्रक से गिरिडीह भेजा गया था और उसे कसाई मुहल्ला के पास स्थित शहरी आजीविका केंद्र में बनाए गए अस्थायी स्ट्रांग रूम में रखा गया था।
लेकिन ट्रक से अनलोड कर स्ट्रांग रूम तक पहुंचाने के दौरान ही छात्रों ने पैकेट को फाड़ कर प्रश्न पत्र निकाल लिया था। ये छात्र मजदूरी का भी काम करते हैं और ढुलाई के लिए इन्हें लगाया गया था। प्रश्न पत्र निकालने के बाद उसकी पीडीएफ तैयार की गई और फिर व्हाट्सएप के जरिए उसे अलग-अलग इलाके में भेजा गया।
पुलिस ने इस मामले में सात छात्रों को हिरासत में लिया है, जिनमें से एक रोहित को कोडरमा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अन्य पांच छात्रों को भी गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार छात्र किराये के मकान पर रहकर पढ़ाई करते थे और समय-समय पर मजदूरी का काम भी करते थे।