Newsझारखण्डसरायकेला

तिरुलडीह थाना परिसर में पहली बार हुआ जनता दरबार, कई भूमि विवाद मामलों का हुआ निपटारा

 

 

ईचागढ़ : तिरुलडीह थाना परिसर में सोमवार को कुकड़ू के अंचलाधिकारी सत्येंद्र नारायण पासवान की अध्यक्षता में विशेष जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान भूमि विवाद से जुड़े 23 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें से कई मामलों का मौखिक समाधान मौके पर ही किया गया। ग्रामीणों के अनुसार यह पहली बार था जब तिरुलडीह थाना परिसर में भूमि विवाद निवारण के लिए जनता दरबार आयोजित किया गया। इस पहल से प्रशासन और जनता के बीच संबंध मजबूत होंगे। वहीं कुकड़ू अंचल के अंचलाधिकारी सतेन्द्र नारायण पासवान ने कहा कि कुकड़ू अंचल क्षेत्र में भूमि विवादों के कारण कई बार खूनी संघर्ष की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। ऐसे मामलों को सुलझाने के लिए थाना परिसर में जनता दरबार आयोजित किया गया ताकि विवादों का समाधान त्वरित और निष्पक्ष रूप से किया जा सके। उन्होंने बताया कि आज के जनता दरबार में कुल 23 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें भूमि के आपसी बंटवारे और नापी से जुड़े विवाद प्रमुख थे। कई मामलों का मौखिक समाधान मौके पर ही हुआ, शेष मामलों को सात दिनों के भीतर निष्पादित करने का निर्णय लिया गया है तथा प्रशासन और पुलिस के संयुक्त प्रयास से समस्याओं के समाधान में तेजी आई है। अंचलाधिकारी ने कहा कि भूमि विवाद के मामलों में लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखने में पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। ऐसे जनता दरबार पुलिस की निगरानी में भयमुक्त वातावरण में संपन्न होते हैं जिससे समाधान प्रक्रिया अधिक प्रभावी बनती है। अंचलाधिकारी ने जनता से अपील करते हुए कहा कि लोग आपसी झगड़ों से बचें और प्रशासन की मदद लें। किसी भी विवाद की सूचना तत्काल प्रशासन को दें। भूमि विवादों को कानून के दायरे में रहकर हल करें। वहीं सड़क दुर्घटना में मुआवजा न मिलने से जुड़े सवाल पर अंचलाधिकारी ने कहा कि दुर्घटना मामलों में प्रक्रिया को पूरा करने पर ही मुआवजा राशि दी जाती है। अंचलाधिकारी ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के कैंप आयोजित किए जाएंगे ताकि लोगों को ब्लॉक ऑफिस में भीड़ का सामना न करना पड़े और उनके कार्य सुगमता से हो सकें। जनता दरबार में जिप उपाध्यक्ष मधुश्री महतो, तिरुलडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार, उप प्रमुख एकराम अंसारी, ईचाडीह पंचायत मुखिया चित्तरंजन सिंह मुंडा, चौड़ा पंचायत मुखिया प्रतिनिधि रामलाल सिंह मुंडा, लेटेमदा पंचायत मुखिया इंद्रजीत सिंह, बाकरकुडी ग्राम प्रधान रवि प्रामाणिक सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। तिरुलडीह थाना में जनता दरबार का आयोजन जनता और प्रशासन के बीच मजबूत समन्वय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल भूमि विवादों का समाधान होगा बल्कि प्रशासनिक प्रक्रिया भी सुगम होगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *