Seraikela: नगर पंचायत जलापूर्ति बयान पर विवाद, विधायक प्रतिनिधि ने किया कड़ा विरोध

सरायकेला : नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी के हालिया बयान को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। इस बयान के विरोध में विधायक प्रतिनिधि सनंद कुमार आचार्य ने कड़ा प्रतिवाद जताते हुए इसे तथ्यहीन और भ्रामक करार दिया है।


उन्होंने कहा कि नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा यह कहना कि 5 एमएलडी क्षमता वाली शहरी जलापूर्ति योजना से क्षेत्र की जनता को पानी उपलब्ध नहीं कराया जा सकता, पूरी तरह गलत और अस्वीकार्य है। उनके अनुसार यह बयान जनता को भ्रमित करने वाला है।
सनंद कुमार आचार्य ने आरोप लगाया कि यदि सही तरीके से योजना का उपयोग किया जाए तो नगर पंचायत क्षेत्र में पीने के पानी की आपूर्ति तत्काल शुरू की जा सकती है। उन्होंने कहा कि इसके लिए नगर पंचायत को अपने विशेष अधिकारों का उपयोग करते हुए राइजिंग पाइप को जलापूर्ति प्रणाली से जोड़ने की आवश्यकता है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो जनता आंदोलन करने को बाध्य होगी। साथ ही उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र में जल संकट का स्थायी और त्वरित समाधान संभव है, लेकिन इसके लिए इच्छाशक्ति की कमी दिखाई दे रही है।
विधायक प्रतिनिधि ने यह भी आरोप लगाया कि लाखों रुपये की लागत से बनी जलापूर्ति योजना का सही उपयोग नहीं किया जा रहा है, जिससे जनता को मूलभूत सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा है।

